छत्तीसगढ़ के कोरबा में टैंकर की टक्कर से स्कूटर सवार दो बच्चों की मौत, एक की हालत गंभीर

Ads

छत्तीसगढ़ के कोरबा में टैंकर की टक्कर से स्कूटर सवार दो बच्चों की मौत, एक की हालत गंभीर

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 05:26 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 05:26 PM IST

कोरबा (छत्तीसगढ़), 15 जुलाई (भाषा) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बुधवार सुबह राजमार्ग पर टैंकर की टक्कर से स्कूटर सवार नाबालिग भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि एक अन्य लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने टैंकर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर करीब एक घंटे तक राजमार्ग जाम रखा। बाद में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि हादसा सुबह करीब साढ़े नौ बजे बांगो थाना क्षेत्र के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के कटघोरा-अंबिकापुर खंड पर हुआ।

बांगो के थाना प्रभारी (एसएचओ) दुर्गेश वर्मा ने बताया कि 12 वर्षीय एक लड़का, उसकी 13 वर्षीय बहन और एक अन्य 13 वर्षीय लड़का स्कूटर पर सवार थे, तभी एक टैंकर ने कथित तौर पर उनके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी और उन्हें कुचल दिया।

उन्होंने बताया कि भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारी ने बताया कि तीनों बच्चे कुंकुना ग्राम पंचायत के तिहाई भाठा गांव के रहने वाले थे।

सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया।

उन्होंने बताया कि टैंकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध-प्रदर्शन किया और टैंकर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए लगभग एक घंटे तक कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। बाद में राजस्व और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्हें शांत कराया।

भाषा

राखी धीरज

धीरज