बीड (महाराष्ट्र), 24 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में बृहस्पतिवार तड़के यांत्रिक खराबी के बाद एक निजी बस के पलट जाने से उसमें सवार 20 यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह हादसा आष्टी तहसील में अहिल्यानगर-पाथर्डी राजमार्ग पर मराठवाडी के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, ‘स्वामी टूर्स एंड ट्रैवल्स’ की बस अहिल्यानगर-पाथर्डी के रास्ते पुणे से नांदेड़ जा रही थी। तड़के करीब साढ़े तीन बजे बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
अंभोरा थाने के सहायक निरीक्षक विक्रांत हिंगे ने बताया कि बस में यांत्रिक खराबी आने के बाद चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस पलट गई और उसमें सवार सभी 20 यात्री घायल हो गए।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
अधिकारी ने बताया, ‘‘अधिकतर यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें निजी एंबुलेंस से अहिल्यानगर के एक अस्पताल ले जाया गया।’’
उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
भाषा गोला मनीषा
मनीषा