निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता और पारदर्शिता बनाए रखना महत्वपूर्ण: केरलम के मुख्यमंत्री सतीशन

Ads

निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता और पारदर्शिता बनाए रखना महत्वपूर्ण: केरलम के मुख्यमंत्री सतीशन

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 02:40 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 02:40 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 24 सितंबर (भाषा) केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने बृहस्पतिवार को कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के बीच निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता, पारदर्शिता और संस्थागत सुरक्षा उपायों को बनाए रखना महत्वपूर्ण है।

सतीशन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मतदाताओं को भारत की चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर पूरा भरोसा होना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग की स्वतंत्रता, पारदर्शिता और संस्थागत सुरक्षा उपायों को बनाए रखना तथा यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि हर मतदाता भारत की चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर पूरा भरोसा कर सके।’’

उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एक सोशल मीडिया पोस्ट भी साझा किया, जिसमें कहा गया था, ‘‘वोट चोरी भारतीय लोगों के खिलाफ अपराध है और हमारे संविधान पर सीधा हमला है। भाजपा, आरएसएस और निर्वाचन आयोग, जिन्होंने इसे किया है, उन्होंने देशद्रोह का कृत्य किया है। न्याय किया जाएगा।’’

मुख्यमंत्री का यह बयान निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी द्वारा मतदाता सूची की एसआईआर प्रक्रिया के दौरान विभिन्न राज्यों में नाम हटाए जाने समेत कई मुद्दों पर आपत्ति जताए जाने की खबरों के बीच आया है।

हालांकि, निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने कहा है कि देशभर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित फैसलों में आयोग के भीतर पूरी सहमति थी।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा