पंचकूला, 24 सितंबर (भाषा) पंचकूला पुलिस ने 14 वर्षीय किशोर द्वारा चलाई जा रही मोटरसाइकिल जब्त कर ली और हेलमेट के बिना वाहन चलाने तथा अवैध सायरन के इस्तेमाल समेत यातायात नियमों के विभिन्न उल्लंघनों के लिए 31,000 रुपये का चालान काटा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (अपराध एवं यातायात) अमरिंदर सिंह ने बुधवार को बताया कि सेक्टर 14 के परशुराम चौक के पास जांच कर रही पुलिस टीम ने आठवीं कक्षा के छात्र को रोका। वह बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चला रहा था और अवैध सायरन का इस्तेमाल कर रहा था।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कई यातायात नियमों का उल्लंघन पाया गया जिसके बाद पुलिस ने चालान काटा और मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
पंचकूला पुलिस ने बताया कि सड़क हादसों को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख चौराहों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं।
पुलिस आयुक्त पंकज नैन ने अभिभावकों से अपील की कि वे 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन चलाने की अनुमति न दें।
उन्होंने कहा कि नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति देना उनके जीवन को खतरे में डालता है और इससे सड़क पर चलने वाले अन्य लोग भी खतरे में पड़ सकते हैं।
नैन ने यह भी चेतावनी दी कि अवैध सायरन का इस्तेमाल करने या सड़कों पर उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, टीमें नियमित रूप से स्कूलों का दौरा भी कर रही हैं और छात्रों को सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों के बारे में जागरूक कर रही हैं।
भाषा तान्या मनीषा नरेश
नरेश