भुवनेश्वर, 26 मई (भाषा) ओडिशा सिविल सेवा परीक्षा-2024 का परिणाम बुधवार को घोषित किया गया, जिसमें 78 महिलाओं सहित कुल 200 उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की।
ओडिशा लोक सेवा आयोग (ओपीएससी) द्वारा जारी एक नोटिस के अनुसार, इस परीक्षा में 50 आदिवासी, 45 अनुसूचित जाति (एससी), 35 सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्ग (एसईबीसी) और 70 अनारक्षित (सामान्य) श्रेणी के उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए।
बुबुन साहू ने परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि सोवना मोहंती और जितमित्र साहू ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।
साहू क्योंझर जिले के आनंदपुर क्षेत्र के एक किसान परिवार से हैं और वर्तमान में प्रशिक्षु पुलिस अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।
साहू ने एक टीवी चैनल को बताया, “परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करके मैं आश्चर्यचकित रह गया। यह मेरा दूसरा प्रयास था। पहले प्रयास में ही मैंने परीक्षा उत्तीर्ण कर ली थी और अब मैं ओडिशा पुलिस सेवा में प्रशिक्षु के रूप में कार्यरत हूं।”
साहु ने कहा कि उन्होंने कोविड-19 महामारी के बाद राज्य स्तरीय परीक्षा की तैयारी शुरू की थी और शीर्ष स्थान प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
शीर्ष 10 अन्य उम्मीदवारों में कनक जैन, संग्राम प्रधान, अमन गोयल, शांतनु कुमार सतपथी, नितेश कुमार बारीक, शीतल पात्रा और इतिश्री जेना शामिल हैं।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले उम्मीदवारों को बधाई दी ।
माझी ने सफल उम्मीदवारों को सलाह दी कि वे प्रशासनिक सेवाओं को केवल एक पद के रूप में न देखें, बल्कि इसे सार्वजनिक सेवा की एक पवित्र प्रतिज्ञा के रूप में लें, जिसका उद्देश्य स्वच्छ, पारदर्शी और जन-केंद्रित शासन प्रणाली का निर्माण करना और यह सुनिश्चित करना है कि कल्याणकारी योजनाएं जमीनी स्तर पर लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचें।
उन्होंने लिखा, ‘मैं सभी को ‘समृद्ध ओडिशा’ के निर्माण की इस गौरवशाली यात्रा में उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।’
प्रारंभिक परीक्षा 12 अक्टूबर, 2025 को आयोजित की गई थी, जबकि मुख्य (लिखित) परीक्षा 31 जनवरी से 10 फरवरी, 2026 के बीच आयोजित की गई थी। व्यक्तित्व परीक्षण 14 से 20 मई तक आयोजित किया गया था।
प्रारंभिक लिखित परीक्षा में 35,165 उम्मीदवार, मुख्य लिखित परीक्षा में 2085 उम्मीदवार और व्यक्तित्व परीक्षण में 385 उम्मीदवार शामिल हुए।
भाषा
राखी माधव
माधव