मणिपुर में 24,475 अवैध प्रवासियों का पता चला; 9,453 को अस्थायी शिविर में रखा जा रहा: मंत्री
मणिपुर में 24,475 अवैध प्रवासियों का पता चला; 9,453 को अस्थायी शिविर में रखा जा रहा: मंत्री
इंफाल, सात सितंबर (भाषा) मणिपुर के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजाम ने सोमवार को कहा कि राज्य में 24,475 अवैध प्रवासियों की पहचान की गई, जिनमें से 14,992 लोग पड़ोसी देश म्यांमा लौट चुके हैं और शेष 9,453 लोग अभी राज्य के विभिन्न हिस्सों में रह रहे हैं।
हालांकि, मंत्री ने यह जानकारी नहीं दी कि अवैध प्रवासियों की पहचान किस अवधि के दौरान की गई।
विधानसभा के मौजूदा सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक टी. लोकेश्वर सिंह के एक सवाल के जवाब में कोंथौजाम ने बताया कि कामजोंग जिले में 6,545, तेंगनौपाल में 3,560 और चंदेल जिले में 14,370 अवैध प्रवासियों की पहचान की गई।
उन्होंने कहा, ‘24,475 अवैध प्रवासियों में से 14,992 म्यांमा लौट चुके हैं, जबकि 9,453 लोग अब भी सीमावर्ती जिलों में मौजूद हैं और उन्हें अस्थायी शिविरों में रखा गया है।’
उन्होंने बताया कि कामजोंग में मिले 6,545 अवैध प्रवासियों में से 5,378 लोग म्यांमा लौट चुके हैं, जबकि 1,167 लोग अस्थायी शिविरों में रह रहे हैं।
कोंथौजाम ने बताया कि तेंगनौपाल में 3,560 अवैध प्रवासियों की पहचान की गई। इनमें से 14 लोग म्यांमा लौट चुके हैं, जबकि शेष 3,546 लोग अभी भी जिले में मौजूद हैं।
उन्होंने बताया कि चंदेल में 14,370 अवैध प्रवासियों की पहचान की गई। इनमें से 9,600 लोग म्यांमा लौट चुके हैं, जबकि 4,770 लोग वहीं रह गए हैं।
कोंथौजाम ने कहा, ‘जिले में मौजूद 4,770 अवैध प्रवासियों में से 1,308 लोगों के बायोमेट्रिक विवरण एकत्र किये जा चुके हैं।’
भाषा तान्या सुभाष
सुभाष

Facebook


