ओडिशा : कांग्रेस ने अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव से पहले नयी टीम गठित की
ओडिशा : कांग्रेस ने अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव से पहले नयी टीम गठित की
भुवनेश्वर, सात सितंबर (भाषा) ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अगले साल होने वाले पंचायत चुनावों के लिए राज्य में आधार मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न वर्गों के नेताओं को शामिल करते हुए एक नयी टीम का गठन किया है। पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने ओडिशा के प्रभारी एआईसीसी नेता लालजी देसाई की अध्यक्षता में 29 सदस्यीय राजनीतिक मामलों की समिति का गठन किया है।
देसाई के अलावा, इस समिति में ओडिशा कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें भक्त चरण दास, रामचंद्र कदम, पूर्व मुख्यमंत्री गिरिधर गमांग, निरंजन पटनायक, जयदेव जेना, शरत पटनायक, प्रसाद हरिचंदन, सांसद सप्तगिरि शंकर उलाका, रामा चंद्र खुंटिया, नरसिंह मिश्रा और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना शामिल हैं।
पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों—छात्र, युवा, महिला, सेवा दल और एआईसीसी सचिवों के प्रमुख इस समिति के पदेन सदस्य होंगे।
पार्टी ने 71 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति और 40 सदस्यीय सलाहकार समिति का भी गठन किया है। इसके अलावा 15 वरिष्ठ नेताओं को उपाध्यक्ष, 57 अन्य नेताओं को महासचिव और 72 नेताओं को सचिव नियुक्त किया गया है।
पार्टी को एकजुट करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नेताओं से अपील की है कि वे पद या जिम्मेदारी की परवाह किए बिना पार्टी के लिए काम करें।
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘मैं सभी नेताओं से अनुरोध करता हूं कि नयी टीम में दिए गए पदों और जिम्मेदारियों को लेकर प्रतिक्रिया न दें। आप सभी को मिलकर पार्टी को मजबूत करने और लोगों के लिए काम करना चाहिए। किसी भी तरह का गुटबाजी नहीं होनी चाहिए।’
ओपीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले दिनों में टीम में कुछ और नेताओं को इसमें शामिल किया जाएगा।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संतोष सिंह सलूजा ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘हमारी पार्टी पंचायत चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। पार्टी ने नयी टीम में दलितों, आदिवासियों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नेताओं समेत सभी वर्गों के नेताओं को शामिल किया है, ताकि हम पंचायत चुनावों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें और अधिकतम सीटें जीत सकें।’
भाषा तान्या रंजन
रंजन

Facebook


