नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) फिल्म निर्देशक एवं संगीतकार विशाल भारद्वाज, फिल्म संपादकों दीपा भाटिया और ए. श्रीकर प्रसाद, परिधान डिजाइनर एका लखानी तथा कास्टिंग निर्देशक दिलीप शंकर उन 529 कलाकारों और फिल्म पेशेवरों में शामिल हैं, जिन्हें ‘एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज’ ने अपनी सदस्यता के लिए आमंत्रित किया है।
विशाल भारद्वाज ने अपने सिनेमा सफर की शुरुआत एक संगीतकार के रूप में की थी और बाद में एक सफल फिल्म निर्देशक के रूप में अपनी पहचान बनाई।
भारद्वाज ने अपनी फिल्मों के लिए हमेशा स्वयं संगीत तैयार किया है, चाहे वह फिल्म ‘मकबूल’ हो, ‘ओमकारा’, ‘कमीने’ या ‘हैदर’। उन्होंने दिग्गज गीतकार, लेखक, पटकथा लेखक और फिल्म निर्देशक गुलजार की फिल्म ‘माचिस’ के लिए भी संगीत दिया था।
भारद्वाज ने एक बयान में कहा, ‘‘अकादमी का सदस्य बनने के लिए आमंत्रित किए जाने पर मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। वैश्विक सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित मंच का हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात है और मैं अकादमी पुरस्कारों की मतदान प्रक्रिया में भाग लेने के लिए उत्सुक हूं।’’
दीपा भाटिया एक प्रसिद्ध फिल्म संपादक हैं और उन्होंने फिल्म ‘तारे जमीन पर’, ‘माइ नेम इज खान’, ‘रॉक ऑन’ और ‘रईस’ जैसी फिल्मों में काम किया है।
भाटिया ने ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, ‘‘एकेडमी की ओर से आमंत्रित किया जाना मेरे लिए सम्मान की बात है, खासकर उन लोगों के साथ जिनका मैं बेहद सम्मान करती हूं, जिनमें विशाल भारद्वाज भी शामिल हैं।’’
प्रसाद भी एक जाने-माने फिल्म संपादक हैं। उन्होंने फिल्म ‘कमीने’, ‘तलवार’, ‘पझस्सी राजा’ और ‘कत्रधु थमिझ’ जैसी फिल्मों का संपादन किया है।
एका लखानी ने वेशभूषा डिजाइनर के रूप में मणिरत्नम की ‘पोन्नियिन सेलवन’, ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’, ‘लियो’ और ‘डंकी’ समेत कई फिल्मों में काम किया है।
एका लखानी ने अपनी पोस्ट में अन्य भारतीय आमंत्रित लोगों को टैग करते हुए कहा, ‘‘यह मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। ‘एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज’ में शामिल होने का निमंत्रण मिलना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। उन कलाकारों के समुदाय का हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात है, जिनके काम की मैंने वर्षों तक सराहना की है, जिनसे मैंने सीखा है और उनसे प्रेरणा ली है।’’
एकेडमी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बिल क्रेमर और अध्यक्ष लिनेट हॉवेल टेलर ने एक बयान में कहा कि उन्हें दुनियाभर के फिल्म कलाकारों और पेशेवरों के इस समूह को एकेडमी में शामिल होने के लिए आमंत्रित करते हुए बहुत खुशी हो रही है।
भाषा तान्या देवेंद्र
देवेंद्र