नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) भारतीय अंडर-21 पुरुष हॉकी टीम अगले महीने बेल्जियम के दौरे पर जाएगी जहां वह मेजबान बेल्जियम, ऑस्ट्रिया, जर्मनी और नीदरलैंड के खिलाफ छह मैच खेलेगी।
यह दौरा टीम के नए कोच फ्रेडरिक सोयेज के मार्गदर्शन में इस साल के आखिर में होने वाले पुरुष जूनियर एशिया कप की तैयारी का अहम हिस्सा होगा।
इस दौरे में भारतीय टीम ऑस्ट्रिया और बेल्जियम के खिलाफ दो-दो मैच और जर्मनी तथा नीदरलैंड के खिलाफ एक-एक मैच खेलेगी।
सात से 17 जुलाई 2026 के बीच खेले जाने वाले इन छह में से पांच मैच बेल्जियम के वावरे में स्थित बेल्फियस हॉकी एरिना में होंगे जबकि नीदरलैंड के खिलाफ दौरे का आखिरी मैच एंटवर्प के हॉकी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जाएगा।
भारत अपने अभियान की शुरुआत सात जुलाई को ऑस्ट्रिया के खिलाफ करेगा और आठ जुलाई को इसी टीम के खिलाफ दूसरा मैच खेलेगा।
इसके बाद भारतीय टीम 10 जुलाई को मेजबान बेल्जियम का सामना करेगी और फिर 13 जुलाई को जर्मनी और 14 जुलाई को दोबारा बेल्जियम से खेलेगी। नीदरलैंड के खिलाफ दौरे का आखिरी मैच 17 जुलाई को खेला जाएगा।
हाल ही में नियुक्त कोच सोयेज ने दौरे से पहले कहा, ‘‘मैं खिलाड़ियों के इस समूह के साथ अपने पहले दौरे को लेकर बहुत उत्साहित हूं। यह अलग माहौल में खिलाड़ियों को बेहतर ढंग से जानने और साथ ही हमारे खेलने के तरीके की नींव रखने का एक शानदार मौका है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह के दौरे हमेशा महत्वपूर्ण होते हैं क्योंकि इनसे आपसी समझ बढ़ती है, टीम में एकजुटता आती है और एक असली टीम की पहचान बनाने की शुरुआत होती है।’’
सोयेज ने कहा, ‘‘ये मैच बहुत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि ये हमें तुरंत ऐसी स्थितियों में डालते हैं जो उन स्थितियों के करीब होती हैं जिनका सामना हमें बड़े टूर्नामेंटों में करना होगा।’’
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द