केरल में पहले दिन पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत 88.53 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई

Ads

केरल में पहले दिन पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत 88.53 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 10:13 AM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 10:13 AM IST

तिरुवनंतपुरम, 29 जून (भाषा) केरल में रविवार को पांच वर्ष से कम आयु के 17 लाख से अधिक बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई गई, जिससे पहले दिन 88.53 प्रतिशत टीकाकरण कवरेज हासिल हुआ। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने यह जानकारी दी।

मंत्री ने एक बयान में कहा कि राज्य ने पल्स पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम के तहत 19.8 लाख बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था।

उन्होंने कहा कि रविवार को आयोजित टीकाकरण अभियान में शामिल नहीं हो पाए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए स्वास्थ्यकर्मी और स्वयंसेवक सोमवार और मंगलवार को घर-घर जाकर अभियान चलाएंगे।

मंत्री ने अभिभावकों से अपील की कि वे पांच वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि राज्य को पोलियो वायरस से मुक्त बनाए रखने के लिए यह टीकाकरण अभियान बेहद जरूरी है।

मुरलीधरन ने ताइकाड स्थित महिला एवं बाल अस्पताल में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर राज्य स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा कि केरल में पिछले 26 वर्षों से पोलियो का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन भविष्य के संभावित खतरों से बचाव के लिए सतर्कता और निवारक उपायों को और मजबूत करने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम में दूसरे मेडिकल कॉलेज की मंजूरी हासिल करने के प्रयासों में इस वर्ष तेजी लाई जाएगी।

भाषा तान्या वैभव

वैभव