दिल्ली के रोहिणी में मुठभेड़ के बाद टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का सदस्य पकड़ा गया

Ads

दिल्ली के रोहिणी में मुठभेड़ के बाद टिल्लू ताजपुरिया गिरोह का सदस्य पकड़ा गया

  •  
  • Publish Date - April 22, 2026 / 06:22 PM IST,
    Updated On - April 22, 2026 / 06:22 PM IST

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने रोहिणी इलाके में संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया जो पैरोल मिलने के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विशेष प्रकोष्ठ की एक टीम के साथ रोहिणी के सेक्टर-36 में हुई मुठभेड़ में रॉबिन (40) जख्मी हो गया।

उनके मुताबिक, मंगलवार को सूचना मिली कि ताजपुरिया गिरोह से भगोड़ा अपराधी रॉबिन उर्फ बबलू नए ठिकाने की तलाश में रोहिणी सेक्टर 36 स्थित बरवाला चौक के पास अपने साथियों से मिलने आएगा।

विशेष प्रकोष्ठ में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) नर्रा चैतन्य ने बताया, “टीम ने जाल बिछाया और रात करीब 10:25 बजे संदिग्ध को मोटरसाइकिल पर आते देखा गया। टीम ने मोटरसाइकिल रोकने का इशारा किया और उसे आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन उसने पुलिस पर गोलीबारी कर दी और पुलिस ने आत्मरक्षा में उसपर गोली चलाई। गोलीबारी में एक गोली रॉबिन के दाहिने पैर में लग गई। उसे तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया।”

उन्होंने बताया कि उसके पास से एक पिस्तौल, तीन कारतूस तथा एक बाइक बरामद की गई है।

अधिकारी ने बताया कि उसे 2008 और 2015 के हत्या के दो मामलों में उम्र कैद और ग्रेनेड मिलने के मामले में विस्फोटक अधिनियम के तहत 10 साल कैद की सज़ा सुनाई गई है।

चैतन्य के मुताबिक, वह अप्रैल 2025 में पैरोल मिलने के बाद फरार हो गया था और मार्च 2026 में उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया था।

उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वह अप्रैल 2015 में पैरोल मिलने के बाद फरार हो गया था, लेकिन उसे मई 2015 में ही पुलिस टीम ने अलीपुर इलाके से पकड़ लिया था। तब उसके पास से एक ग्रेनेड, छह पिस्तौल और 13 कारतूस बरामद हुए थे।

डीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी रॉबिन ने खुलासा किया कि जेल में रहते हुए उसका टिल्लू ताजपुर गिरोह और कौशल चौधरी गिरोह के सदस्यों से घनिष्ठ संबंध बन गया था।

उनके मुताबिक, उसने बताया कि 2015 के हत्या मामले में पैरोल मिलने पर रिहा होने के बाद वह विदेश में बैठे टिल्लू ताजपुर और कौशल चौधरी गिरोह के आकाओं से एक एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए संपर्क में था।

पुलिस ने बताया कि वह दिल्ली के अलग अलग थानों में संगीन धाराओं में दर्ज आपराधिक मामलों में संलिप्त है।

पुलिस ने कहा कि गिरफ्तार आरोपी से आगे की पूछताछ और मामले की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव