भुवनेश्वर, 26 सितंबर (भाषा) ओडिशा में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ कार्यक्रम के तहत एक ही दिन में 14,000 से अधिक स्थानों पर 47 लाख पौधे रोपे गए। राज्य सरकार ने शनिवार को यह जानकारी दी।
आधिकारिक बयान के अनुसार, ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के हिस्से के रूप में शुक्रवार को यह पौधारोपण कार्यक्रम किया गया। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।
मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के एक छोटे से शहर वडनगर में हुआ था।
बयान में कहा गया कि राज्य स्तर पर लोगों की भागीदारी की व्यापकता इस बात से स्पष्ट है कि इस साल एक दिन में हुआ पौधारोपण पिछले साल के 37 लाख पौधों के आंकड़े से कहीं अधिक रहा। यह अभियान राज्य भर में 14,000 से अधिक जगहों पर चलाया गया, जो जमीनी स्तर पर लोगों की बड़ी भागीदारी को दर्शाता है।
ग्रामीण विकास, पंचायती राज और पेयजल मंत्री रबी नारायण नाइक ने कहा कि हर जिले और ग्राम पंचायत की इस भागीदारी ने पर्यावरण की रक्षा करने और एक हरित भविष्य बनाने के लिए राज्य के लोगों के सामूहिक संकल्प को दिखाया है।
भाषा सुरेश नेत्रपाल
नेत्रपाल