एटा (उप्र), 20 सितंबर (भाषा) एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत में पाइपलाइन बिछाने को लेकर हुए विवाद के बाद कथित गोलीबारी में 14 वर्षीय एक लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घायल किशोर की पहचान ढकपुरा निवासी आशु के रूप में हुई है। गोली उसकी आंख में लगी है। परिजन उसे वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, पाइपलाइन बिछाने को लेकर हुए विवाद में कई लोग शामिल थे। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति है।
जैथरा के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि गांव में पाइपलाइन बिछाने को लेकर विवाद और गोलीबारी की सूचना मिली है तथा एक किशोर के घायल होने की जानकारी है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा सं आनन्द गोला
गोला