दिल्ली के शालीमार बाग में आवारा कुत्ते ने तीन साल की बच्ची पर किया हमला

Ads

दिल्ली के शालीमार बाग में आवारा कुत्ते ने तीन साल की बच्ची पर किया हमला

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 09:51 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 09:51 PM IST

नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) दिल्ली के शालीमार बाग में एक आवारा कुत्ते ने तीन साल की बच्ची पर हमला किया और उसे काट लिया। घटना के वीडियो में कुत्ता एक खड़ी कार के पास बच्ची पर झपटता हुआ और फिर परिवार के एक सदस्य के खदेड़ने पर भागता हुआ दिखाई दे रहा है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह घटना 25 अगस्त को सीए ब्लॉक इलाके में हुई, जहां सफेद रंग का यह कुत्ता अक्सर दिखाई देता है।

सीसीटीवी फुटेज में वह घटना दर्ज हो गई, जब बच्ची अपने परिवार के साथ कार की ओर जा रही थी। तभी एक अन्य वाहन के नीचे बैठा कुत्ता अचानक बाहर आया और उस पर हमला कर दिया।

परिवार के एक सदस्य ने तुरंत बच्ची को खींचकर कुत्ते से दूर किया और उसका पीछा किया, लेकिन कुत्ता गली से भाग निकला। आसपास लगे एक अन्य सीसीटीवी कैमरे में भी यही कुत्ता इलाके से गुजर रही एक महिला पर हमला करते और फिर वहां से भागते हुए दिखाई दिया।

फुटेज में इसी रास्ते पर कई आवारा कुत्ते घूमते हुए भी दिखाई दिए।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के एक अधिकारी ने बताया कि केशवपुरम जोन की टीम ने कुत्ते को पकड़ने की दो बार कोशिश की, लेकिन दोनों बार वह पकड़ में नहीं आया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘दोनों बार कुत्ता भाग गया। कुत्तों की सूंघने की क्षमता काफी तेज होती है और जब वे जाल या लोगों के समूह को देखते हैं तो सतर्क हो जाते हैं और भाग जाते हैं।’’

एमसीडी फिलहाल कुत्ते को पकड़ने के लिए स्थानीय व्यक्ति की मदद ले रही है और उसे द्वारका स्थित शेल्टर में निगरानी में रखने की योजना है। अधिकारी ने कहा, ‘‘हम कुत्ते को पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं और संभावना है कि हमारी टीम कल तक इसमें सफल हो जाएगी।’’

अधिकारी ने यह भी बताया कि नगर निगम को इसी इलाके से आवारा कुत्तों के हमलों की रोजाना करीब 20 से 25 शिकायतें मिलती हैं।

नगर निगम अधिकारियों को दी गई शिकायत के अनुसार, हमले के बाद बच्ची के परिवार वाले उसे डॉक्टर के पास ले गए। परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि इसी कुत्ते ने इससे पहले बच्ची की बड़ी बहन को भी काटा था।

भाषा आशीष माधव

माधव