भावनगर में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में तीन और लोग गिरफ्तार, कुल संख्या 31 हुई

Ads

भावनगर में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में तीन और लोग गिरफ्तार, कुल संख्या 31 हुई

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 10:27 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 10:27 PM IST

अहमदाबाद, 27 अगस्त (भाषा) भावनगर में जहरीली शराब पीने के कारण हुई घटना के सिलसिले में इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाले मेथनॉल के कथित आपूर्तिकर्ता समेत तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या बढ़कर 31 हो गई है। गुजरात पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

हाल में दिल्ली में स्थानीय पुलिस की मदद से गिरफ्तारियां की गईं। गुजरात पुलिस के राज्य निगरानी प्रकोष्ठ (एसएमसी) ने मेथनॉल के स्रोत और आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाया था। मेथनॉल वही बेहद जहरीला रसायन है जो उस शराब में पाया गया था जिससे भावनगर जिले में 13 लोगों की मौत हो गई थी।

एसएमसी ने बताया कि जांच में सामने आया कि दिल्ली निवासी प्रमोद कुमार बुडाकोटी ने कथित तौर पर रोहित प्रधान और केशव जाटव को मेथनॉल की आपूर्ति की थी।

उसने बताया कि इसके बाद अन्य आरोपियों ने मेथनॉल को अहमदाबाद में एक परिवहन कंपनी के गोदाम तक पहुंचाया।

एसएमसी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, तीनों आरोपियों को दिल्ली पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया है। उन्हें गुजरात लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया जारी है।

इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए 28 लोगों को पुलिस हिरासत में भेजा जा चुका है।

भावनगर के वरतेज इलाके में पिछले सप्ताह जहरीली शराब पीने के बाद 13 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य बीमार पड़ गए थे।

भाषा

शुभम सुभाष नरेश

नरेश