नोएडा (उप्र), 27 अगस्त (भाषा) जनपद गौतमबुद्ध नगर के थाना बिसरख क्षेत्र की एक सोसाइटी में खाना डिलीवरी को लेकर हुए विवाद के बाद युवती ने सुरक्षा गार्ड के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की और धमकी दी। घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बृहस्पतिवार को आरोपी युवती को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
करीब पांच मिनट के वीडियो में युवती गार्ड से जमकर गाली-गलौज करती नजर आ रही है।
यह घटना 26 अगस्त की रात ‘सेंचुरियन टेरेस होम्स सोसाइटी’ में हुई।
आरोप है कि युवती ने गार्ड को धमकाने के साथ ही उसके साथ हाथापाई की।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने नोएडा पुलिस से इस मामले में कार्रवाई की मांग की।
अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आज आरोपी प्रियंका को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया, ‘‘युवती ने ऑनलाइन खाना ऑर्डर किया था। खाना लेकर डिलीवरी ब्वॉय सोसाइटी में पहुंचा तो गार्ड ने उसे रोक दिया। इसी बात को लेकर युवती नाराज हो गई और उसने सोसाइटी के गेट पर हंगामा किया।’’
उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा सं शफीक
शफीक