गुरुग्राम, 27 अगस्त (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में बृहस्पतिवार को देवीलाल कॉलोनी में छठ घाट के पास एक तालाब के गहरे पानी में डूबने से कथित तौर पर छह वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक बच्चे की पहचान अंकुश के तौर पर हुई है। बच्चे के पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और वह देवी लाल कॉलोनी में मामा के घर अपनी मां के साथ रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, अंकुश पड़ोस के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था, तभी वह तालाब की ओर चला गया। गर्मी और उमस के कारण बच्चे नहाने के लिए पानी में उतर गए।
खेलते-खेलते अंकुश तालाब के गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा। पुलिस ने बताया कि अन्य बच्चों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उसे खोजने लगे।
पुलिस ने बताया कि काफी मशक्कत के बाद कुछ युवकों ने अंकुश को तालाब से बाहर निकाला और पास के अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच जारी है।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि यह तालाब लंबे समय से खतरा बना हुआ है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने स्थानीय पार्षद और नगर निगम के अधिकारियों समेत संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायतें देकर गहरे तालाब से गंदा पानी निकलवाने की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
भाषा संतोष माधव
माधव