आम आदमी पार्टी 2027 के पंजाब चुनावों में 100 से अधिक सीटें जीतेगी: मनीष सिसोदिया

Ads

आम आदमी पार्टी 2027 के पंजाब चुनावों में 100 से अधिक सीटें जीतेगी: मनीष सिसोदिया

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 08:59 PM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 08:59 PM IST

होशियारपुर, 29 मार्च (भाषा) आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने रविवार को दावा किया कि राज्य सरकार द्वारा किए गए ‘अच्छे कार्यों’ का हवाला देते हुए उनकी पार्टी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में 100 से अधिक सीटें जीतेगी।

होशियारपुर दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब प्रभारी सिसोदिया ने कहा कि पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनावों में 92 सीटें जीती थीं और अगले चुनावों में इस संख्या को पार करते हुए भारी बहुमत से सरकार बनाएगी।

पंजाब विधानसभा में 117 सदस्य हैं।

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने स्थानीय पार्टी नेताओं से मुलाकात की ‘पारिवारिक माहौल’ में चर्चा की और कहा कि पार्टी 100 से अधिक सीटें जीतेगी।

विभिन्न सरकारी योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा करते हुए सिसोदिया ने उनकी प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।

दिल्ली की उत्पाद शुल्क नीति से संबंधित एक मामले में हाल ही में आए अदालती फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए सिसोदिया ने कहा, ‘सत्य की जीत हुई है।’

उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल को उनकी ‘बढ़ती लोकप्रियता और ईमानदार शासन शैली’ के कारण निशाना बनाने की साजिश रची है।

आप सरकार की नाकामी के विपक्षी आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि लोग जमीनी हकीकत से वाकिफ हैं और विपक्ष के दावों का जनमत पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

उन्होंने पिछले चार वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी सरकार को मिल रहे समर्थन का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया और कहा कि ग्रामीणों की यह सराहना उनके निरंतर प्रयासों और जमीनी स्तर पर किए गए कार्यों का परिणाम है।

2027 के चुनावों के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को कमर कसने का आग्रह करते हुए सिसोदिया ने उनसे तैयारियां शुरू करने और संगठन को और मजबूत करने को कहा।

भाषा तान्या रंजन

रंजन