‘आप’ ने पंजाब को बना दिया ‘उड़ता पंजाब’, भाजपा बनाएगी इसे ‘उभरता पंजाब’ : धामी

Ads

‘आप’ ने पंजाब को बना दिया ‘उड़ता पंजाब’, भाजपा बनाएगी इसे ‘उभरता पंजाब’ : धामी

  •  
  • Publish Date - September 26, 2026 / 08:38 PM IST,
    Updated On - September 26, 2026 / 08:38 PM IST

होशियारपुर, 26 सितंबर (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर नशे की समस्या को बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश की खोई हुई प्रतिष्ठा को लौटाकर इसे ‘‘उभरता पंजाब’’ बनाएगी।

धामी ने होशियारपुर जिले के गढ़दीवाला, दसूहा और नांगल बिहालां में भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के दौरान जनसभाओं को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में नशे की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है और सरकार व पुलिस की कथित नाकामी के कारण नशा तस्कर खुलेआम काम कर रहे हैं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने नशे की समस्या से निपटने के लिए पांच सूत्री रणनीति अपनाई है, जिसमें मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, मादक पदार्थों की तस्करी करने वाली पूरी कड़ी को तोड़ना, मादक पदार्थ माफिया की आर्थिक संपत्तियों और नेटवर्क को निशाना बनाना, नशे से प्रभावित युवाओं का पुनर्वास एवं अभियान में समाज के सभी वर्गों को शामिल करना शामिल है।

उन्होंने कहा कि ‘नशामुक्त पंजाब यात्रा’ वोट मांगने के उद्देश्य से किया जा रहा कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि यह पंजाब के युवाओं को नशे से बचाने और इस अभियान को जन-आंदोलन में बदलने का प्रयास है।

धामी ने कहा, “पंजाब के युवा मादक पदार्थों के उपभोक्ता नहीं, बल्कि देश का भविष्य हैं।”

उन्होंने लोगों से अपनी ऊर्जा को समाज, अर्थव्यवस्था, खेल और राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाने का आग्रह किया।

धामी ने कहा कि उन्होंने उन परिवारों से मुलाकात की, जिन्होंने नशे के कारण अपने बच्चों को खो दिया है और उन माताओं का दर्द सुना, जिन्होंने अपने जवान बेटों को खोया है।

उन्होंने कहा कि इन परिवारों के अनुभवों से नशे की समस्या की गंभीरता का पता चलता है और इससे निपटने के लिए लगातार एवं समन्वित प्रयासों की जरूरत पता चलती है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने ‘आप’ सरकार पर पूर्व में किए गए उन वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया, जिनमें कुछ महीनों के भीतर नशे को खत्म करने की बात कही गई थी।

उन्होंने कहा कि ‘आप’ नेताओं की ओर से तय की गई समयसीमा पहले ही खत्म हो चुकी है।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने लोगों से इस प्रयास में सहयोग करने की अपील की।

भाषा जितेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल