अभिनेता विजय चेन्नई की दो सीट से किस्मत आजमाने पर कर रहें विचार: सूत्र

Ads

अभिनेता विजय चेन्नई की दो सीट से किस्मत आजमाने पर कर रहें विचार: सूत्र

  •  
  • Publish Date - February 7, 2026 / 08:04 PM IST,
    Updated On - February 7, 2026 / 08:04 PM IST

चेन्नई, सात फरवरी (भाषा) अभिनय जगत से राजनीति में आए तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) पार्टी के संस्थापक विजय आगामी तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में चेन्नई की दो सीट से किस्मत आजमाने पर विचार कर रहे हैं। पार्टी के एक सूत्र ने यह जानकारी दी।

सूत्र के अनुसार, विजय चेन्नई की वेलाचेरी या विरुगंबक्कम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे हैं। वह पार्टी पदाधिकारियों से राय ले रहे हैं और अंतिम निर्णय स्वयं करेंगे।

सूत्र ने बताया कि विजय वेलाचेरी और विरुगंबक्कम के अलावा विल्लुपुरम जिले की विक्रवांडी, नागपट्टिनम की वेदारण्यं और करूर जिले की वेदासंदूर विधानसभा सीटों को लेकर भी मंथन कर रहे हैं।

सूत्र के मुताबिक ‘वी’ अक्षर से शुरू होने वाली सीटों को लेकर यह विकल्प सामने आया, क्योंकि उन्हें जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस अक्षर वाले निर्वाचन क्षेत्रों में से किसी एक से किस्मत आजमाने की सलाह दी गई थी। हालांकि, अंतिम फैसला पार्टी प्रमुख द्वारा ही लिया जाएगा।

वेलाचेरी महानगर का तेजी से विकसित हो रहा इलाका है और यह उनके पनैयूर स्थित आवास से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जबकि विरुगंबक्कम में उनके माता-पिता रहते हैं।

विक्रवांडी वही स्थान है, जहां टीवीके का पहला पार्टी सम्मेलन आयोजित हुआ था। इस सम्मेलन में विजय ने पार्टी के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए कहा था कि टीवीके एक धर्मनिरपेक्ष सामाजिक न्याय आंदोलन है, जो बी आर आंबेडकर, पेरियार (ई वी रामासामी) और कामराज के विचारों से प्रेरित है।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपना “वैचारिक शत्रु” और सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) को “राजनीतिक शत्रु” बताया था।

भाषा

राखी धीरज

धीरज

शीर्ष 5 समाचार