अन्नाद्रमुक ने मदुरांतकम, धारापुरम में कथित नकदी के बदले वोट मामले की जांच की मांग की

Ads

अन्नाद्रमुक ने मदुरांतकम, धारापुरम में कथित नकदी के बदले वोट मामले की जांच की मांग की

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 01:47 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 01:47 PM IST

चेन्नई, 24 सितंबर (भाषा) ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने निर्वाचन आयोग से मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं को कथित तौर पर नकदी बांटे जाने के मामले में तत्काल जांच कराने की मांग की है। इन दोनों सीटों पर छह अक्टूबर को उपचुनाव होना है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त और तमिलनाडु के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को संबोधित एक आधिकारिक शिकायत में बुधवार को राज्यसभा सदस्य और अन्नाद्रमुक की अधिवक्ता इकाई के सचिव आई. एस. इंबादुरई ने मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता के व्यापक उल्लंघन का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं तत्काल आपका ध्यान मदुरांतकम विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ धारापुरम विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता और चुनाव कानूनों के गंभीर एवं व्यापक उल्लंघन की ओर आकर्षित करना चाहता हूं।’’

शिकायत में 22 सितंबर की मीडिया में आईं खबरों का हवाला देते हुए आरोप लगाया गया कि अचारपक्कम यूनियन में रेट्टिपालयम में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की ओर से मतदाताओं को कथित तौर पर पैसे बांटे गए, ताकि वे उम्मीदवार मरगाथम कुमारवेल के पक्ष में मतदान करें।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इस इलाके के अलावा, विश्वसनीय जानकारी से संकेत मिलता है कि पूरे मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा क्षेत्रों में भी इसी तरह अवैध रूप से नकदी बांटने तथा मतदाताओं को प्रलोभन देने की गतिविधियां व्यवस्थित तरीके से की जा रही हैं।’’

इंबादुरई ने निर्वाचन अधिकारियों से जमीनी स्तर पर जांच कराने, सीसीटीवी और प्रसारण से संबंधित साक्ष्यों को सुरक्षित रखने, प्राथमिकी दर्ज करने तथा दोनों संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों में उड़नदस्ते और स्थिर निगरानी दलों के जरिए निगरानी बढ़ाने का आग्रह किया।

भाषा गोला नेत्रपाल

नेत्रपाल