चेन्नई, छह मई (भाषा) ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने बुधवार को घोषणा की कि वह तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए चंद्रशेखर जोसफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को समर्थन नहीं देगी।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)में शामिल पार्टी ने कहा कि अब तक उसने किसी भी परिस्थिति में टीवीके का समर्थन नहीं किया है।
टीवीके ने सोमवार को आए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे में 234 सदस्यीय सदन में 108 सीट जीती है, लेकिन सरकार बनाने के लिए उसे कम से कम 10 और विधायकों के समर्थन की जरूरत है।
अन्नाद्रमुक के उप महासचिव के पी मुनुसामी ने पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों के सरकार गठन के लिए टीवीके को समर्थन देने की इच्छा जताए जाने संबंधी मीडिया के एक वर्ग में आई खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘यह पूरी तरह से गलत है। किसी भी परिस्थिति में अन्नाद्रमुक, टीवीके का समर्थन नहीं करेगी। हम अपने पार्टी महासचिव (एडप्पाडी के पलानीस्वामी) के निर्देशानुसार यह स्पष्टीकरण जारी कर रहे हैं।’’ उन्होंने यह बयान पार्टी की बैठक से बाहर निकलते हुए कही।
उनके अलावा, नव निर्वाचित विधायकों सहित कई पार्टी सदस्यों ने चार मई को विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद पलानीस्वामी के ग्रीनवेज स्थित आवास पर उनसे मुलाकात की।
पार्टी ने 23 अप्रैल को हुए चुनाव में 47 सीटें हासिल की है।
भाषा धीरज माधव
माधव