नई दिल्ली। एक एयर होस्टेस ने अपने एयरलाइंस के वरिष्ठ अधिकारी पर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। एयर इंडिया की इस होस्टेस के अनुसार उसने पिछले साल सितंबर में इस बारे में एयरलाइंस प्रबंधन को शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसलिए उसे मजबूर होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नागरिक उड्ड्यन मंत्री सुरेश प्रभु को पत्र लिखकर शिकायत करना पड़ा।
मंत्री सुरेश प्रभु ने इस शिकायत के जवाब में ट्वीट करते हुए कहा कि उन्होंने एयर इंडिया के सीएमडी से फौरन इस मामले को देखने कहा है। उन्होंने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो एक और कमेटी बनाई जाएगी। एयर होस्टेस की ओर से लिखे गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि वह एक सिंगल मदर है। एयर होस्टेस का कहना है कि एक सीनियर एक्जीक्यूटिव पिछले छह सालों से उसके साथ यौन शोषण, प्रताड़ना और भेदभाव कर रहा है।
यह भी पढ़ें : इस अस्पताल में बन रहे थे फर्जी अंधत्व सर्टिफिकेट, जांच पुलिस के हवाले
एयरहोस्टेस ने पत्र में आरोप लगाया है कि ये वरिष्ठ अधिकारी अपने दफ्तर में महिलाओं को बुलाकर उनके साथ बुरा बर्ताव करता है। उन्हें शराब पिलाता है। इसमें से ज्यादातर महिलाओं को इसके लिए मजबूर होना पड़ता है क्योंकि ये अधिकारी पद का गलत इस्तेमाल करते हुए महिलाओं को कई तरह से परेशान करता है।
पीड़िता ने पत्र में बताया है कि उसने एयरलाइंस मैनेजमेंट और चेयरमैन से इस मामले की शिकायत की थी, लेकिन फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। एयर होस्टेस का कहना है कि शुरु में उसने व्यवस्था के तहत शिकायत की क्योंकि वह कोई पब्लिसिटी नहीं चाहती थी। लेकिन जब उसकी प्रारंभिक शिकायत पर कोई कार्रवाई ही नहीं की गई, तब जाकर उसे प्रधानमंत्री और नागरिक उड्ड्यन मंत्री को पत्र लिखने के लिए मजबूर होना पड़ा।
वेब डेस्क, IBC24