शाह ने बारिश से बेहाल महाराष्ट्र और गुजरात के मुख्यमंत्रियों से बात की, हरसंभव मदद का भरोसा

Ads

शाह ने बारिश से बेहाल महाराष्ट्र और गुजरात के मुख्यमंत्रियों से बात की, हरसंभव मदद का भरोसा

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 01:15 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 01:15 PM IST

नयी दिल्ली, आठ जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बुधवार को फोन पर बात कर दोनों राज्यों में भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की और केंद्र की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ फोन पर अलग-अलग बातचीत की।

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बुधवार को मूसलाधार बारिश हुई, जिसकी वजह से उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित हुईं और कार्यालय जाने वालों को परेशानी हुई। सप्ताहांत में शहर में भारी बारिश हुई थी और मंगलवार को थोड़ी राहत मिली थी।

पड़ोसी पालघर जिले के वसई-विरार रेल खंड और दक्षिण गुजरात में कई जगहों पर जलजमाव के कारण गुजरात जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं।

भोर घाट खंड पर सोमवार को भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे मार्ग पर भी ट्रेन सेवाएं पूरी तरह से बहाल नहीं की जा सकी है।

नगर निकाय के अधिकारियों ने बताया कि मुंबई को पीने का पानी आपूर्ति करने वाले सात जलाशयों में से एक तुलसी झील, जलसंग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश की वजह से लबालब भर गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और उसके उपनगरों में दिन के दौरान रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को दक्षिणी गुजरात में भी मूसलाधार बारिश हुई। सबसे ज्यादा असर सूरत जिले में देखने को मिला, जहां बारिश जनित घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बाढ़ प्रभावित इलाकों से 2,100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

उन्होंने बताया कि सूरत जिले के कामरेज तालुका में मंगलवार को शाम चार बजे समाप्त हुए 10 घंटों में रिकॉर्ड 305 मिमी बारिश दर्ज की गई।

अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के मद्देनजर मंगलवार को नवसारी जिले और सूरत में शिक्षण संस्थान बंद रहे।

आईएमडी ने मंगलवार को राज्य के लिए दोपहर के पूर्वानुमान में कहा था, ‘‘पिछले 24 घंटों में दक्षिण गुजरात क्षेत्र के जिलों – सूरत, वलसाड और दादरा एवं नगर हवेली – में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हुई।’’

सूरत नगर निगम के आयुक्त एम. नागराजन ने संवाददाताओं को बताया कि शहर के अलग-अलग इलाकों से लगभग 2,100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले दो दिन में बारिश से जुड़ी घटनाओं में कुल पांच लोगों की मौत हुई है।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ आज बिजली का करंट लगने से दो लोगों की मौत होने की जानकारी मिली, जबकि एक और व्यक्ति की मौत कामरेज इलाके में हुई। सोमवार को सूरत के रांदेर इलाके में बिजली का करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई थी।’’

भाषा धीरज सिम्मी

सिम्मी