अमित शाह दो दिवसीय ओडिशा दौरे पर बृहस्पतिवार शाम भुवनेश्वर पहुंचेंगे
अमित शाह दो दिवसीय ओडिशा दौरे पर बृहस्पतिवार शाम भुवनेश्वर पहुंचेंगे
भुवनेश्वर, पांच मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार शाम ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर भुवनेश्वर पहुंचेंगे, जहां वह कई आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शाह रात करीब आठ बजे शहर पहुंचेंगे और यहां एक निजी होटल में रात्रि विश्राम करेंगे।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को गृह मंत्री कटक जिले के मुंडली में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे।
शाह शुक्रवार को खुर्दा जिले में राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफएसयू) और केंद्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (सीएफएसएल) के भुवनेश्वर परिसर की आधारशिला भी रखेंगे।
अधिकारियों के अनुसार, वह भुवनेश्वर में एनएफएसयू के ट्रांजिट परिसर का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन करेंगे और नए आपराधिक कानूनों पर एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे।
इसके अलावा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता राज्य की राजधानी में ‘इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड’ (पारादीप इकाई) के सल्फ्यूरिक अम्ल संयंत्र का उद्घाटन करेंगे।
वह सहकारिता विभाग, दुग्ध विकास, युवा सशक्तीकरण और किसानों के कल्याण से संबंधित पहलों पर आयोजित कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।
शाह के दौरे को देखते हुए राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस ने वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित किया है।
अधिकारियों ने बताया कि कटक जिला प्रशासन ने मुंडली स्थित सीआईएसएफ परिसर के आसपास पांच किलोमीटर के दायरे को तीन से छह मार्च तक ड्रोन उड़ाने के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया है।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा

Facebook


