अमित शाह तीन जुलाई से ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे; कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे

Ads

अमित शाह तीन जुलाई से ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे; कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे

  •  
  • Publish Date - July 1, 2026 / 08:33 PM IST,
    Updated On - July 1, 2026 / 08:33 PM IST

भुवनेश्वर, एक जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार से ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह बरगढ़ जिले में बीपीसीएल के 1,775 करोड़ रुपये के ‘दूसरी पीढ़ी(2जी) के इथेनॉल संयंत्र’ का उद्घाटन करेंगे, सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के मुताबिक, शाह शुक्रवार रात झारसुगुड़ा पहुंचेंगे और शनिवार को बरगढ़ जिले का दौरा करने से पहले वहीं रुकेंगे। वह बरगढ़ जिले के बाउलसिंघा में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के 2जी इथेनॉल संयंत्र का उद्घाटन करेंगे और पड़ोसी संबलपुर जिले के लिए रवाना होने से पहले सुबह लगभग 11:50 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।

ओडिशा के राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि इथेनॉल संयंत्र से स्थानीय किसानों को फायदा होगा और देश की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी।

संबलपुर में, शाह सरकारी कार्यक्रमों में शामिल होंगे, मां समलेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और ‘रेमेड ग्राउंड’ में कई परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह रात्रि विश्राम के लिए भुवनेश्वर जाएंगे।

रविवार को शाह कटक जिले के बदांबा जाएंगे, जहां वह बदांबा चीनी मिल को फिर से शुरू करने के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

सत्ताधारी भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा-पत्र में इस मिल को फिर से चालू करने का वादा किया था।

भाषा शफीक माधव

माधव