(फाइल फोटो के साथ जारी)
इंफाल, 26 अगस्त (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अक्टूबर के पहले सप्ताह में मणिपुर के दौरा कर एक मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखेंगे और राज्य की अन्य विकास परियोजनाओं का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री सचिवालय ने बुधवार को यह जानकारी दी।
शाह ने मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह के साथ बुधवार को नयी दिल्ली में हुई बैठक के दौरान कहा कि केंद्र सरकार राज्य की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेगी।
मुख्यमंत्री सचिवालय ने एक बयान में कहा, “अमित शाह इस साल अक्टूबर के पहले सप्ताह में राज्य का दौरा करेंगे। अपने दौरे में केंद्रीय गृह मंत्री सेनापति मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखेंगे और राज्य की अन्य विकास परियोजनाओं का जायजा लेंगे।”
राज्य मंत्रिमंडल ने नगा समुदाय बहुल आबादी वाले सेनापति जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने का हाल में फैसला किया था।
बयान के मुताबिक, शाह ने मुख्यमंत्री सिंह द्वारा उठाए गए राज्य से जुड़े सभी मुद्दों को भी धैर्यपूर्वक सुना।
बयान में कहा गया, “केंद्रीय गृह मंत्री ने मणिपुर के मुख्यमंत्री से कहा कि केंद्र सरकार राज्य की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेगी।”
शाह ने इंफाल-दिमापुर-गुवाहाटी बस सेवा फिर से शुरू करने और राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर लोगों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने में सफलता के लिए राज्य सरकार की सराहना भी की।
विभिन्न जातीय समूहों की ओर से अपनी मांगों को लेकर की गई नाकेबंदी के कारण बस सेवा और राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात की निर्बाध आवाजाही समय-समय पर प्रभावित होती रही थी।
भाषा जितेंद्र सिम्मी
सिम्मी