करणी सेना के नेता की हत्या के मामले में एक अन्य आरोपी ने जमशेदपुर में किया आत्मसमर्पण

Ads

करणी सेना के नेता की हत्या के मामले में एक अन्य आरोपी ने जमशेदपुर में किया आत्मसमर्पण

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 05:29 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 05:29 PM IST

जमशेदपुर, 10 जुलाई (भाषा) करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या में कथित तौर पर लिप्त एक और आरोपी ने शुक्रवार को झारखंड के पूर्वी सिंहभूम ज़िले में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि बिष्टुपुर थानाक्षेत्र में ‘डबल डाउन बार’ के बाहर 27 जून को हुई इस हत्या के बाद से फरार राहुल दुबे ने थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण किया।

पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एहतेशाम वकारीब ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘करणी सेना नेता की हत्या के मामले में आरोपी दुबे ने आज दोपहर आत्मसमर्पण कर दिया।’’

एसएसपी ने बताया कि दुबे के आत्मसमर्पण करने के साथ ही, 28 वर्षीय हिमांशु सिंह की हत्या के मामले में प्राथमिकी में नामजद सभी 13 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गये हैं।

इन लोगों में ‘डबल डाउन बार’ के मालिक और भाजपा नेता नीरज सिंह तथा चार किशोर भी शामिल हैं।

इस मामले के मुख्य आरोपी विश्वनाथ लोहरा उर्फ ​​बोदरा ने पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच दो दिन पहले मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी।

‘डबल डाउन बार’ के अंदर किसी बात पर झगड़ा होने के बाद, हिमांशु सिंह और उनके दोस्त प्रत्यूष सिंह को बदमाशों के एक समूह ने पुलिस गश्ती वाहन से बाहर खींच निकाला था तथा पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही उन पर बड़े चाकुओं और कुल्हाड़ियों से हमला किया था।

पुलिस ने बताया कि हमले में गंभीर रूप से घायल हिमांशु की दो दिन बाद जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि प्रत्यूष का कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज जारी है।

भाषा राजकुमार दिलीप

दिलीप