अनवर ने कन्नूर में माकपा के बागी नेता कुन्हीकृष्णन से मुलाकात की, निजी भेंट बताया

Ads

अनवर ने कन्नूर में माकपा के बागी नेता कुन्हीकृष्णन से मुलाकात की, निजी भेंट बताया

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 06:19 PM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 06:19 PM IST

कन्नूर (केरल), दो मई (भाषा) संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के निर्दलीय उम्मीदवार पी. वी. अनवर और माकपा के बागी नेता वी. कुन्हीकृष्णन ने शनिवार को पय्यानूर स्थित कुन्हीकृष्णन के आवास पर मुलाकात की।

वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के पूर्व विधायक अनवर ने पार्टी छोड़ दी और कोझिकोड के बेपोर से यूडीएफ समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ा।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पूर्व नेता कुन्हीकृष्णन को पय्यानूर के मौजूदा विधायक टी. आई. मधुसूदनन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के बाद पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था और बाद में उन्होंने यूडीएफ समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव लड़ा था।

पत्रकारों से बात करते हुए अनवर ने कहा कि यह एक निजी यात्रा थी।

उन्होंने कहा, ‘कुन्हीकृष्णन ने ‘पिनराईवाद’, तानाशाही और परिवारवाद के विरोध में पार्टी छोड़ी थी। इन्हीं कारणों से मैंने डेढ़ साल पहले एलडीएफ छोड़ी थी। चूंकि हम दोनों ने एक ही तरह की नीतियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और चुनाव लड़े, इसलिए इस मुलाकात का उद्देश्य अपना समर्थन देना था।’

अनवर एलडीएफ छोड़ने के बाद तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

हालांकि, उन्होंने हाल में पार्टी से इस्तीफा दे दिया और केरल तथा राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस को समर्थन देते हुए समान विचारधारा वाले लोगों को मिलाकर एक नया राजनीतिक संगठन बनाने की योजना की घोषणा की।

पिछले महीने उन्होंने कहा था कि नयी पार्टी का गठन 15 मई तक कर दिया जाएगा।

भाषा

शुभम वैभव

वैभव