लगभग 44,000 छात्रों ने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन दाखिल किया: सीबीएसई

Ads

लगभग 44,000 छात्रों ने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन दाखिल किया: सीबीएसई

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 04:38 PM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 04:38 PM IST

नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बताया कि बुधवार सुबह तक लगभग 44,000 छात्रों ने सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन सुविधा का लाभ उठाया है तथा बिना किसी समस्या के आवेदन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है।

बोर्ड ने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल पर उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए कुल 43,980 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

बोर्ड ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘पोर्टल पर सत्यापन के लिए 4,924 और पुनर्मूल्यांकन के लिए 39,056 आवेदन स्वीकार किए गए हैं। आज दोपहर 12 बजे तक कुल 43,980 आवेदन मिले हैं।’

बोर्ड ने बताया कि सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन पोर्टल पर भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और इंडियन बैंक के माध्यम से भुगतान कर सकते हैं। छात्रों को भुगतान करने के लिए इन बैंकों में खाता होना आवश्यक नहीं है।

सीबीएसई ने कहा, ‘‘छात्रों को इन बैंकों में खाता रखने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन वे भुगतान करने के लिए इनमें से किसी भी भुगतान माध्यम का उपयोग कर सकते हैं।’’

बोर्ड ने कहा, “आज सुबह साढ़े नौ बजे तक 40 हजार छात्रों ने इस सुविधा का लाभ उठाया और बिना किसी परेशानी के सत्यापन व पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी की।”

बोर्ड के अनुसार, अभ्यर्थी निर्धारित भुगतान माध्यम के जरिए यूपीआई, नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड और डेबिट कार्ड जैसी ऑनलाइन भुगतान सुविधाओं का उपयोग कर सकते हैं।

सीबीएसई ने कहा, ‘‘सही जानकारी के लिए केवल सीबीएसई की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें।’’

यह पोर्टल देरी से शुरू किया गया। इससे पहले सीबीएसई ने कहा था कि उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन प्रक्रिया 29 मई तक शुरू होने की संभावना है।

इससे पहले कुछ छात्रों और अभिभावकों ने सीबीएसई द्वारा अपनाई गई ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली को लेकर चिंता जताई थीं।

सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान तकनीकी खामियों, भुगतान विफल होने तथा पोर्टल तक पहुंच संबंधी समस्याओं को लेकर छात्रों और अभिभावकों ने बोर्ड की आलोचना की थी।

सीबीएसई ने मंगलवार को 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन से असंतुष्ट छात्रों के लिए उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रतियों में पाई गई त्रुटियों के सत्यापन और उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन हेतु ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया।

बोर्ड के अनुसार, यह सुविधा केवल उन छात्रों के लिए उपलब्ध है जिन्होंने अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रतियां प्राप्त की हैं।

सीबीएसई ने कहा, ‘‘उत्तर पुस्तिका की उपलब्ध कराई गई स्कैन प्रति में देखी गई समस्याओं के सत्यापन और उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन हेतु आवेदन के लिए पोर्टल दो जून 2026 को शुरू कर दिया गया है। उत्तर पुस्तिका की उपलब्ध कराई गई स्कैन प्रति में यदि कोई समस्या है तो छात्र उसके सत्यापन और मूल्यांकन से संतुष्ट नहीं होने पर उत्तरों के पुनर्मूल्यांकन की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।’’

पोर्टल छह जून (मध्यरात्रि) तक चालू रहेगा और समयसीमा के बाद कोई ऑफलाइन आवेदन या अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।

छात्रों को सीबीएसई की वेबसाइट के माध्यम से अपने आधार नंबर का उपयोग कर लॉगिन करना होगा और ऑनलाइन आवेदन जमा करना होगा। बोर्ड ने कहा कि शुल्क भुगतान सहित पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से होगी।

सीबीएसई ने मंगलवार को कहा था कि ‘‘दुर्भावनापूर्ण तत्वों’’ ने साइबर हमलों की एक श्रृंखला के माध्यम से उसके पुनर्मूल्यांकन पोर्टल पर सेवाओं को बाधित करने का प्रयास किया, जिसमें एक ऐसा हमला भी शामिल है जिसके कारण दो मिनट के भीतर प्लेटफॉर्म पर 15 लाख ‘हिट’ हुए और अनधिकृत रूप से फाइल हासिल करने के एक लाख से अधिक प्रयास किये गए।

भाषा जोहेब मनीषा

मनीषा