जयपुर, 11 जुलाई (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भीलवाड़ा और बांसवाड़ा के अस्पतालों में महिलाओं की मौत पर चिंता जताते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से जांच करवाने की मांग की है ताकि प्रसूताओं की जान बचाई जा सके।
गहलोत ने शनिवार को एक बयान में कहा कि भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में मात्र छह दिन में पांच प्रसूताओं की मृत्यु समेत बांसवाड़ा में भी हुई मौतें हृदयविदारक एवं बेहद चिंताजनक हैं।
उन्होंने दावा किया,‘‘ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में संक्रमण की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बावजूद लगातार सीजेरियन ऑपरेशन करते रहना और 30-40 ऑपरेशन के सापेक्ष महज पांच ‘सर्जिकल सेट’ होना सीधे तौर पर घोर लापरवाही और बदहाल चिकित्सा व्यवस्था को दर्शाता है।’’
उन्होंने कहा कि कोटा, बीकानेर, जोधपुर के बाद अब भीलवाड़ा की यह स्थिति विचलित करने वाली है।
राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा,‘‘क्या राजस्थान को भाजपा सरकार ने भगवान भरोसे छोड़ दिया है? एक के बाद एक ऐसी घटनाएं जैसे सामने आ रही हैं वह दिखाता है कि सरकार का इस सबसे कोई मतलब नहीं है।’’
केंद्र सरकार से जांच की मांग करते हुए उन्होंने कहा,‘‘राजस्थान के अलग-अलग अस्पतालों में बनी ऐसी स्थिति के सही मूल्यांकन एवं निदान के लिए भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय को विशेषज्ञों की टीम भेजकर जांच करवानी चाहिए ताकि प्रसूताओं की जान बचाई जा सके।’’
भाषा पृथ्वी
संतोष
संतोष