गुवाहाटी, 19 मई (भाषा) असम की नयी विधानसभा का पहला सत्र शुरू होने से पहले मंत्री अतुल बोरा को अंतरिम व्यवस्था के रूप में संसदीय कार्य विभाग का प्रभार सौंपा गया है। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी।
बोरा उन चार मंत्रियों में से एक हैं जिन्हें हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली दूसरी सरकार में शामिल किया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ शपथ ली थी।
राज्य का नया विधानसभा सत्र बृहस्पतिवार से शुरू होगा और इससे पहले बोरा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस संबंध में 16 मई को एक अधिसूचना जारी की गई थी जो कि सोमवार को पत्रकारों से साझा की गई।
अधिसूचना के अनुसार, ‘मुख्यमंत्री की सलाह पर असम के राज्यपाल ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास, असम समझौते के कार्यान्वयन, सीमा संरक्षण एवं विकास तथा आबकारी विभाग के मंत्री श्री अतुल बोरा को संसदीय कार्य विभाग से संबंधित मामलों को देखने की अंतरिम अनुमति दी है।’
फिलहाल इस मंत्रिमंडल में बोरा के अलावा रामेश्वर तेली, अजंता न्योग और चरण बोरो शामिल है।
राज्य विधानसभा का चार दिवसीय सत्र 26 मई को समाप्त होगा। मुख्यमंत्री शर्मा के अनुसार, इसके बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश