डिब्रूगढ़ (असम), दो अगस्त (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार ब्रह्मपुत्र नदी के कटाव की समस्या का दीर्घकालिक समाधान निकालने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-गुवाहाटी की मदद लेगी।
मुख्यमंत्री ने डिब्रूगढ़ जिले में कटाव की समस्या का जायजा लेने के लिए चाबुआ, बालीजन, पुखुरीजन, दिनजन और रहमोरिया का दौरा किया। उन्होंने कहा, “हमारी टीमें इस समस्या को कम करने के लिए काम कर रही हैं। मैं जल्द ही भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-गुवाहाटी के विशेषज्ञों के साथ बैठक करके इस समस्या का स्थायी समाधान खोजने की कोशिश करूंगा।”
उन्होंने कहा कि नदी के किनारों का कटाव (खासकर ब्रह्मपुत्र नदी की वजह से) राज्य के सामने सबसे बड़ी भौगोलिक चुनौतियों में से एक है क्योंकि हर साल जमीन का नुकसान होता है। शर्मा ने कहा कि सरकार आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करके नदी के किनारों को मजबूत करने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने कहा कि ब्रह्मपुत्र नदी से होने वाले कटाव का दीर्घकालिक समाधान निकालने के लिए आईआईटी के विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत