पंजाब के फिरोजपुर में सरकारी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली

Ads

पंजाब के फिरोजपुर में सरकारी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 02:57 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 02:57 PM IST

फिरोजपुर, 24 सितंबर (भाषा) पंजाब के फिरोजपुर में एक सरकारी कन्या स्कूल को बृहस्पतिवार को अज्ञात ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने परिसर खाली कराया और तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, स्कूल की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक अज्ञात ईमेल अकाउंट से धमकी भरा मेल भेजा गया था।

अधिकारियों ने बताया कि स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्कूल भवन परिसर तथा आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली गई।

उन्होंने बताया कि छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए परिसर खाली करा दिया गया। हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश मेहता ने बताया कि धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई और सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भूपिंदर सिंह ने कहा, ‘छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल परिसर को खाली करा लिया गया था।’

उन्होंने यह भी बताया कि साइबर टीम ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में पंजाब और हरियाणा में कई जगह इसी तरह की धमकियां मिली हैं जो बाद में अफवाह साबित हुईं।

इस महीने की शुरुआत में जिला अदालत परिसर को भी बम की धमकी वाला ईमेल मिला था जिसके बाद पुलिस ने परिसर खाली कराया गया था। बाद में वह धमकी भी अफवाह निकली।

भाषा

राखी मनीषा

मनीषा