असम: मिनी बस और ट्रक की भिड़ंत में लोकप्रिय बिहू नृत्यांगना की मौत, 11 अन्य घायल

Ads

असम: मिनी बस और ट्रक की भिड़ंत में लोकप्रिय बिहू नृत्यांगना की मौत, 11 अन्य घायल

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 05:23 PM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 05:23 PM IST

गुवाहाटी, 25 अप्रैल (भाषा) असम के तामुलपुर जिले में एक मिनी बस और एक ट्रक की भिड़त में एक लोकप्रिय बिहू नृत्यांगना की मौत हो गई और उनके दल के 11 सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

निशामोनी हलोई शुक्रवार रात को नोआखाटा इलाके में हुए पास के ही एक इलाके में बिहू प्रदर्शन के लिए मंडली के साथ यात्रा कर रही थीं तभी यह हादसा हुआ।

पुलिस ने बताया कि निशामोनी (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समूह के 11 अन्य सदस्य घायल हो गए।

वाहन में महिला नृत्यांगनाओं, पुरुष ढोल वादकों और अन्य कलाकारों सहित लगभग 30 लोग सवार थे। मंडली में राज्य के विभिन्न हिस्सों के सदस्य शामिल थे।

पुलिस ने बताया, “गंभीर रूप से घायल लोगों को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया है, जबकि बाकी लोगों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।”

निशामोनी एक लोकप्रिय बिहू नर्तकी होने के साथ-साथ एक पारंपरिक ‘नागरा नाम’ कलाकार भी थीं।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा, “हम दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।”

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “सुबह यह दुखद खबर पाकर मैं दुखी हूं। नलबाड़ी जिले के हरिभंगा की भास्करज्योति बिहू हुसोरी दल तामुलपुर के नोआखाटा में घातक दुर्घटना का शिकार हो गया। दल की मुख्य नृत्यांगना और लोकप्रिय ‘नागरा नाम’ ‘पथिका’ (गायिका) निशामोनी हलोई की दुर्घटना में मौत हो गई।”

शर्मा ने कहा कि निशामोनी की मृत्यु से एक उभरती कलाकार का करियर समय से पहले ही खत्म हो गया।

उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और मंडली के घायल सदस्यों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा, “पीड़ितों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”

राज्य भर में रोंगाली बिहू समारोहों का आयोजन किया जा रहा है, जो अप्रैल के मध्य से शुरू होने वाले असमिया नव वर्ष समारोहों का प्रतीक है।

भाषा

प्रशांत माधव

माधव