तिरुवनंतपुरम, 25 अप्रैल (भाषा) केपीसीसी प्रमुख सनी जोसेफ ने शनिवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि यदि पार्टी के नेतृत्व वाला संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सत्ता में वापस आता है तो मुख्यमंत्री के चयन के संबंध में सार्वजनिक बयान देने से परहेज करें।
इसके साथ ही जोसेफ ने चेताते हुये पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा अगर ऐसा नहीं किया गया तो इसे अनुशासनहीनता माना जाएगा।
जोसफ ने एक बयान जारी कर कहा कि प्रिंट, दृश्य और सोशल मीडिया मंच के माध्यम से की जाने वाली इस तरह की टिप्पणी, अनुचित है और पार्टी की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचा रही है, जिससे संगठन को जनता के बीच शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है।
केरल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि इस मुद्दे पर चल रही सार्वजनिक चर्चाओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ यूडीएफ का समर्थन करने वाले लोगों के कुछ वर्गों में भी तीव्र असंतोष को जन्म दिया है।
जोसेफ ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने इस तरह की चर्चा से बचने के लिए सख्त निर्देश जारी किए थे।
हालांकि, कुछ नेताओं द्वारा निर्देश की अनदेखी जारी रहने के कारण, केपीसीसी को अपनी चेतावनी दोहराने के लिए विवश होना पड़ा।
उन्होंने चेतावनी दी कि आगे किसी भी प्रकार के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा और पार्टी अनुशासन के उल्लंघन के रूप में निपटा जाएगा।
भाषा तान्या रंजन
रंजन