फरीदाबाद (हरियाणा), 22 अप्रैल (भाषा) हरियाणा के फरीदाबाद में एक स्थानीय निवासी पर 17 अप्रैल को हमला करने के आरोप में गिरफ्तार ‘बंदर-भालू’ गिरोह के तीन सदस्यों को बुधवार को भुडट्ट कॉलोनी में कथित तौर सिर मुंडवाकर कथित तौर पर ‘घुमाया’ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने हालांकि दावा किया कि जांच के तहत आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाया गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को मंगलवार रात गिरफ्तार किया गया था और बुधवार को उन्हें शहर की अदालत में पेश किया गया। उसने बताया कि अदालत ने आरोपियों को दो दिन की हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि 17 अप्रैल को बल्लभगढ़ की भुडट्ट कॉलोनी में रहने वाले प्रवीण पर चार-पांच लोगों ने हमला किया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने प्रवीण पर हथौड़ों और डंडों से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उनके दोनों पैर टूट गयी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि इस हमले के पीछे ‘बंदर-भालू’ गिरोह का हाथ था। मुख्य आरोपियों की पहचान विजेंद्र उर्फ बंदर और बलराज उर्फ भालू के रूप में हुई है। उनके तीन भतीजे भी हमले में संलिप्त थे।
अपराध शाखा की टीम ने मंगलवार रात तीनों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान गांव बदरौला तिगांव निवासी आर्यन (20), भीमक कॉलोनी निवासी बलविंदर उर्फ हर्ष ठाकुर (24) और सेविन उर्फ देवराज (20) के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को घटनास्थल की पहचान कराने के लिए वहां ले जाया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि बलराज उर्फ भालू और पीड़ित प्रवीण के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद था।
फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।
उन्होंने बताया कि आर्यन भी उसी मामले में बलविंदर के साथ सह-आरोपी है।
भाषा
राखी धीरज
धीरज