कोलकाता, 22 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान की पूर्व संध्या पर सात देशों के 13 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को सिलीगुड़ी का दौरा किया और चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। निर्वाचन आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पहले चरण के लिए 23 अप्रैल को मतदान होना है।
अधिकारी ने बताया कि नामीबिया, जॉर्जिया, नेपाल, फिलीपीन, गाम्बिया, स्विट्जरलैंड और केन्या के प्रतिनिधियों वाले इस प्रतिनिधिमंडल ने आयोग के अधिकारियों के साथ सिलीगुड़ी कॉलेज मैदान स्थित वितरण-सह-स्वागत केंद्र (डीसीआरसी) का दौरा किया।
प्रतिनिधिमंडल ने भारत की चुनावी प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की, जिसमें तैयारियां और जमीनी प्रबंधन शामिल थे।
अधिकारी ने बताया कि ‘इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्ट्रोल असिस्टेंस’ (इंटरनेशनल आइडिया) के प्रतिनिधि भी इस दौरे का हिस्सा थे।
उन्होंने बताया कि दिन के दौरान वितरण-सह-स्वागत केंद्र से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैटी यूनिट वितरित की गईं।
अधिकारी ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न बूथों पर मतदान कर्मियों की तैनाती और चुनाव सामग्री के वितरण का अवलोकन किया।
उन्होंने बताया, “यह दौरा वैश्विक मंच पर भारत की चुनावी प्रणाली की पारदर्शिता को प्रदर्शित करने के लिहाज से महत्वपूर्ण है।”
मतदान का दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी।
भाषा जितेंद्र शफीक
शफीक