बंगाल के मुख्यमंत्री ने राजनीतिक हिंसा में मारे गये भाजपा कार्यकर्ता के परिवार से भेंट की

Ads

बंगाल के मुख्यमंत्री ने राजनीतिक हिंसा में मारे गये भाजपा कार्यकर्ता के परिवार से भेंट की

  •  
  • Publish Date - June 27, 2026 / 07:26 PM IST,
    Updated On - June 27, 2026 / 07:26 PM IST

कोलकाता, 28 जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को हावड़ा के बागनान में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता प्रशांत डे के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार को भरोसा दिलाया कि पुलिस इस मामले को जल्द से जल्द सुलझाने के लिए काम कर रही है।

अधिकारी ने डे के परिवार के सदस्यों से मिलकर अपनी संवेदनाएं ज़ाहिर कीं। हालांकि इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात नहीं की।

डे के रिश्तेदारों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने परिवार को यह भरोसा भी दिलाया कि किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी।

भेंट के बाद डे के बेटे ने पत्रकारों से कहा कि परिवार ने उनके पिता की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को मृत्युदंड देने की मांग की।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे परिवार ने मुख्यमंत्री से गुजारिश की कि वह सुनिश्चित करें कि दोषियों को फांसी हो। उन्होंने हमें भरोसा दिलाया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और इसमें शामिल लोगों को सजा दिलाई जाएगी।’’

अधिकारी ने पहले कहा था कि उनकी सरकार राजनीतिक हिंसा को कतई बर्दाश्त नहीं करती है। उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया था।

हावड़ा के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने पहले कहा था कि इस हत्या के सिलसिले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है।

हालांकि स्थानीय लोगों का दावा है कि मुख्य आरोपी और तृणमूल कांग्रेस नेता अब भी फरार है।

हावड़ा ज़िले के बागनान के संतोषपुर इलाके में 17 जून को ‘बूथ नंबर’ 197 के लिए भाजपा के उपाध्यक्ष डे (39) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

भाषा राजकुमार अविनाश

अविनाश