वायनाड (केरल), 27 जून (भाषा) कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने शनिवार को कहा कि केरल और कर्नाटक की सरकारें दोनों राज्यों को जोड़ने वाले प्रस्तावित बैराकुप्पा पुल के काम में तेजी लाने के लिए मिलकर प्रयास कर रही हैं।
वायनाड जिला समाहरणालय में ज़िला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि इस परियोजना को ‘सेंट्रल रोड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड’ (सीआरआईएफ) के माध्यम से लागू करने का प्रस्ताव है।
प्रियंका ने कहा कि उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है और व्यक्तिगत रूप से भी परियोजना स्थल का दौरा किया है।
वायनाड की सांसद ने कहा कि कर्नाटक की ओर वन भूमि के स्थान पर राजस्व भूमि से होकर गुजरने वाले एक वैकल्पिक मार्ग की पहचान कर ली गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस परियोजना को जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि चुरम बाईपास रोड और थालिपुझा-चिपिलिथोडे रोड परियोजना में हो रही देरी पर केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री का ध्यान दिलाया गया है।
सांसद ने कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार के साथ ‘प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान’ योजना के तहत धन जारी करने में हो रही देरी और कॉफी किसानों की समस्याओं पर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि वायनाड मेडिकल कॉलेज और प्रस्तावित ‘ट्राइबल यूनिवर्सिटी’(आदिवासी विश्वविद्यालय) की प्रगति के बारे में भी केरल के मुख्यमंत्री से चर्चा की गई।
भाषा राजकुमार दिलीप
दिलीप