ईटानगर, 27 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के केयी पान्योर जिले में शनिवार को भारी बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। एक अधिकारी ने बताया कि नीपको कॉलोनी में मलबे के नीचे से एक और महिला का शव बरामद किये जाने के बाद मृतकों की संख्या में वृद्धि हुई है।
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार से राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की चेतावनी भी जारी की है।
केयी पान्योर के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (डीडीएमओ) बेरू दुलाम ने बताया कि मृत महिला की पहचान मेघालय के री-भोई जिले की 30 वर्षीय बल्लारी मारक उर्फ ओलिन सिंकली के रूप में हुई है।
दुलाम ने बताया कि बल्लारी मारक उन पांच लोगों में शामिल थीं, जो बुधवार सुबह बादल फटने और लगातार बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ के बाद लापता हो गए थे।
शव बरामद होने के साथ ही इस आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है, जबकि तीन अन्य लोग अब भी लापता हैं। इससे पहले बुधवार को 35 वर्षीय एक महिला का शव बरामद किया गया था।
शनिवार को लापता लोगों की तलाश के लिये चलाया जा रहा अभियान चौथे दिन में प्रवेश कर गया। बचाव दलों ने नीपको कॉलोनी से बाढ़ में बह गए लोगों की खोज के लिए पान्योर लोअर जलविद्युत परियोजना के बांध की ओर से राफ्ट के जरिए तलाश अभियान शुरू किया।
राज्य के आपदा प्रबंधन सचिव दानी सुलु ने बताया कि लापता लोगों की तलाश का अभियान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), जिला पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जा रहा है।
भाषा तान्या दिलीप
दिलीप