कोलकाता, तीन जून (भाषा) पश्चिम बंगाल में मुस्लिम समुदाय के नेताओं ने बुधवार को गुरुग्राम में घरेलू सहायिका के रूप में काम करने वाली दक्षिण दिनाजपुर जिले की एक महिला के उस कृत्य की निंदा की, जिसमें उसे राज्य के नए मुख्यमंत्री को निशाना बनाने के लिए कथित तौर पर गोमांस पकाते देखा जा सकता है।
मुस्लिम नेताओं ने कहा कि ऐसे कृत्य लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं।
हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस ने ज्योत्सना बीबी को गिरफ्तार किया है जिसने एक वीडियो अपलोड कर दावा किया था कि उसने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के लिए गोमांस पकाया है।
हरियाणा के अधिकारियों ने बताया कि 30 मई को चक्कपुर पुलिस चौकी को कथित तौर पर गोमांस पकाने से संबंधित एक वीडियो के बारे में जानकारी मिली। चक्कपुर गांव के निवासी दिनेश यादव ने पुलिस से शिकायत करते हुए वीडियो दिखाया जिसमें संबंधित महिला कथित तौर पर यह कहती दिखी, ‘‘मैंने आपके (पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री) लिए कुछ गोमांस पकाया है। आपने मुझे इस बार कुर्बानी नहीं करने दी।’’
कोलकाता की मशहूर नखोदा मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद शफीक कासमी ने इस कृत्य की निंदा की।
कासमी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मैं कभी ऐसे कृत्यों का समर्थन नहीं करता जो अपमानजनक हों और किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हों। हम इनका समर्थन नहीं करते। इस मामले में कानून को अपना काम करना चाहिए।’’
‘मैसूर फैमिली फतेह फंड वक्फ एस्टेट’ के सचिव मोहम्मद शाहिद आलम ने भी महिला के कृत्यों की आलोचना करते हुए उन्हें अनुचित और ध्यान आकर्षित करने का प्रयास बताया।
आलम ने कहा, ‘‘यह गलत है। कोई अनजान व्यक्ति को गोमांस की पेशकश तक नहीं कर सकता, तो कोई भाजपा नेता को, जो अब मुख्यमंत्री हैं, ऐसा कैसे कर सकता है? ऐसे कृत्य अक्सर ध्यान आकर्षित करने और सुर्खियों में छाने के लिए किए जाते हैं। अगर वह (महिला) नाराज है, तो नाराजगी व्यक्त करने के अन्य तरीके भी हैं।’’
भाषा शफीक मनीषा
मनीषा