लंदन: यहूदी पुरुषों पर चाकू से हमले के आरोपी के खिलाफ ‘हत्या के प्रयास’ का मामला दर्ज

Ads

लंदन: यहूदी पुरुषों पर चाकू से हमले के आरोपी के खिलाफ 'हत्या के प्रयास' का मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 07:01 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 07:01 PM IST

लंदन, एक मई (एपी) लंदन में दो यहूदी पुरुषों को चाकू मारने के मामले में शुक्रवार को 45-वर्षीय एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। ब्रिटेन के यहूदी समुदाय में डर और गुस्से की लहर पैदा करने वाली सिलसिलेवार घटनाओं में यह ताजा मामला है।

पुलिस ने बताया कि ईसा सुलेमान पर ‘गोल्डर्स ग्रीन’ इलाके में हुए हमले के संबंध में हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज किए गए हैं। उसके खिलाफ उसी दिन शहर के दूसरे हिस्से में हुई एक अन्य घटना के संबंध में भी हत्या के प्रयास का तीसरा मामला दर्ज किया गया है। इस घटना में एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई थीं।

लंदन में रहने वाला सुलेमान, सोमालियाई मूल का ब्रिटिश नागरिक है। उसे शुक्रवार को ही पहली बार अदालत में पेश किया जाना है।

उत्तरी लंदन के इस इलाके में हुई इस घटना के बाद ब्रिटिश सरकार ने यहूदी-विरोधी भावनाओं (एंटीसेमिटिज्म) से निपटने का संकल्प लिया है। यह इलाका ब्रिटिश यहूदी समुदाय का प्रमुख केंद्र माना जाता है। इस हमले में 34 और 76 वर्ष के दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनमें से एक को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, जबकि दूसरे की हालत स्थिर बताई जा रही है।

चाकू से हमले की यह घटना हाल के हफ्तों में लंदन में प्रार्थना स्थलों और अन्य यहूदी ठिकानों पर हुए आगजनी के हमलों के बाद हुई है।

प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने कहा कि उनकी सरकार यहूदी समुदाय की सुरक्षा बढ़ाएगी और ‘इस नफरत को खत्म करने के लिए अपनी पूरी शक्ति का इस्तेमाल करेगी।’

एपी सुमित सुरेश

सुरेश