नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) कर्नाटक की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ केवल वहां के पंजीकृत मतदाताओं को ही मिलने के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार के बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधा।
भाजपा ने आरोप लगाया कि इस बयान ने मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस के ‘पाखंड’ को उजागर कर दिया है।
भाजपा के आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि अगर एसआईआर अवैध है जैसा कि कांग्रेस आरोप लगाती रही है तो फिर इसे कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने का जरिया क्यों बनाया जा रहा है?
उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची के इस पुनरीक्षण पर कांग्रेस का विरोध सिद्धांतों से नहीं, बल्कि राजनीति से प्रेरित है।
यह प्रतिक्रिया शिवकुमार के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था, ‘अगर कोई व्यक्ति अब यहां का मतदाता नहीं है, तो हम उसे गारंटी योजनाओं का लाभ देना क्यों जारी रखें?… हमारा इरादा है कि लाभ केवल हमारे राज्य के लोगों को ही मिलना चाहिए।’
मालवीय ने आरोप लगाया कि एक तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी एसआईआर को ‘नागरिकता परीक्षण’ बताकर इसे असंवैधानिक कहते हैं, तो दूसरी तरफ कर्नाटक में उनकी ही सरकार कल्याणकारी योजनाओं के निर्धारण के लिए इसी प्रक्रिया पर भरोसा कर रही है।
मालवीय ने कहा कि राहुल गांधी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री के इन विरोधाभासी रुख ने कांग्रेस की कलई खोल दी है।
भाषा सुमित सुरेश
सुरेश