चेन्नई, एक जुलाई (भाषा) तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक निजी समुद्री खाद्य पदार्थ प्रसंस्करण और निर्यात इकाई में अमोनिया गैस रिसाव की घटना में मृतकों की संख्या बुधवार को बढ़कर 17 हो गई। सरकार ने यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग ने एक विज्ञप्ति में कहा कि सभी मृतक महिलाएं हैं। इनमें से 14 ओडिशा की, दो असम की और एक झारखंड की रहने वाली थीं।
इस जहरीली औद्योगिक रासायनिक गैस का रिसाव 21 जून को पेरियापालयम के पास कन्निगाइपैर/मंजुंगरानई क्षेत्र स्थित इकाई में नियमित औद्योगिक कार्यों के दौरान हुआ था।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस घटना से कुल 83 लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें से 15 महिलाएं फिलहाल उपचाराधीन हैं और चिकित्सकीय निगरानी में रखी गई हैं।
विज्ञप्ति में बताया गया कि मृतकों के पार्थिव शरीरों को हवाई मार्ग से उनके संबंधित गृह राज्यों में भेजा गया।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश