भाजपा दिल्ली में वायु प्रदूषण के लिए पंजाब को ‘बलि का बकरा’ बना रही : गोपाल राय
भाजपा दिल्ली में वायु प्रदूषण के लिए पंजाब को ‘बलि का बकरा’ बना रही : गोपाल राय
(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, छह नवंबर (भाषा) दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने सोमवार को कहा कि भाजपा राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण के लिए पंजाब को ‘‘बलि का बकरा’’ बना रही है, जबकि उसकी अपनी सरकारें उत्तर प्रदेश और हरियाणा में डीजल चालित बसों पर पाबंदी लगाने विफल रही हैं।
राय ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ केंद्र सरकार की एक रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि पंजाब में (15 सितंबर से) पराली जलाने की घटनाएं पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में घटकर आधी रह गयी हैं। फसल कटाई का काम अब तक आधा ही हुआ है, इसलिए पराली जलाने की और घटनाएं होने की संभावना है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी उपाय कर रहे हैं कि किसान पराली न जलाएं।’’
उन्होंने दिल्ली में प्रदूषण का ठीकरा पंजाब पर फोड़ने को लेकर भाजपा की आलोचना की और कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा में उसकी सरकारें पिछले दशक में डीजल चालित बसों पर पाबंदी लगाने में विफल रही हैं।
राय ने इस बात पर भी निराशा प्रकट की कि केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने वायु प्रदूषण के मुद्दे पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान की संयुक्त बैठक बुलाने के उनके अनुरोध पर कोई जवाब नहीं दिया है।
उन्होंने सवाल किया, ‘‘मैं आश्चर्यचकित हूं कि उन्होंने वायु प्रदूषण के मुद्दे का समाधान नहीं किया। वह चुप क्यों हैं?’’
पिछले सप्ताह राय ने यादव से वायु प्रदूषण की समस्या का समाधान करने के लिए और सक्रिय होने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा था कि यह न केवल राष्ट्रीय राजधानी बल्कि पूरे उत्तर भारत को प्रभावित करता है।
पर्यावरण के क्षेत्र में काम करने वाली संस्था ‘सेंटर फोर साइंस एंड इनवायरोमेंट’ के एक अध्ययन का हवाला देते हुए उन्होंने खुलासा किया कि दिल्ली के 69 प्रतिशत वायु प्रदूषण की वजह पड़ोसी राज्य हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ दिल्ली इस मुद्दे से निपटने के लिए सभी संभावित कदम उठा रहा है लेकिन उत्तर प्रदेश और हरियाणा के पर्यावरण मंत्रियों के कदम अनिश्चित हैं।’’
भाषा राजकुमार सुभाष
सुभाष

Facebook


