केवल चुनाव के दौरान आम लोगों की परेशानियों की परवाह का दिखावा करती है भाजपा: कांग्रेस

Ads

केवल चुनाव के दौरान आम लोगों की परेशानियों की परवाह का दिखावा करती है भाजपा: कांग्रेस

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 02:28 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 02:28 PM IST

नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) कांग्रेस ने शुक्रवार को वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी केवल चुनाव के दौरान आम लोगों की परेशानियों की परवाह करने का दिखावा करती है, जिसके बाद उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया जाता है।

कांग्रेस ने यह भी कहा कि ईरान युद्ध शुरू होने के बाद तीन महीनों के दौरान सरकार को आम लोगों को कीमतों में वृद्धि के झटके से बचाने के लिए ठोस योजना बनानी चाहिए थी।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, “जैसे ही चुनावी चक्र समाप्त हुआ, नरेन्द्र मोदी सरकार ने बिना समय गंवाए एलपीजी सिलेंडरों की कीमतें बढ़ा दीं।”

उन्होंने कहा, “वाणिज्यिक सिलेंडरों पर लगभग 1000 रुपये की भारी बढ़ोतरी से करोड़ों भारतीय प्रभावित होंगे, जो छोटे ढाबों और होटलों से मिलने वाले खाने पर निर्भर हैं। इसी तरह, लाखों छोटे खाद्य व्यवसायों को भी इस बढ़ोतरी का बोझ उठाना पड़ेगा।”

वेणुगोपाल ने कहा कि आम लोगों की पीड़ा के प्रति भाजपा का ध्यान सिर्फ चुनावी हथकंडों तक सीमित है, जिसके बाद उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया जाता है।

उन्होंने कहा, “ईरान युद्ध शुरू होने के बाद तीन महीनों के दौरान सरकार को आम लोगों पर वित्तीय बोझ डालने के बजाय उन्हें कीमतों में वृद्धि के झटके से बचाने के लिए ठोस योजना बनानी चाहिए थी।”

शुक्रवार को 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में रिकॉर्ड 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई। लगातार तीसरे महीने यह वृद्धि हुई है। यह बढ़ोतरी पश्चिम एशिया के संघर्ष के बाद वैश्विक ऊर्जा कीमतों में उछाल के कारण हुई है।

अब दिल्ली में 19 किलोग्राम का वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर 3,071.5 रुपये का हो गया है, जो पहले 2,078.50 रुपये था। इससे पहले एक अप्रैल को कीमत में 195.50 रुपये और एक मार्च को 114.5 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। तीनों मिलाकर 1,303 रुपये की वृद्धि हुई है।

हालांकि, घरेलू रसोई में इस्तेमाल होने वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू सिलेंडर की कीमत 7 मार्च को आखिरी बार 60 रुपये बढ़ाई गई थी और वर्तमान में दिल्ली में 14.2 किलोग्राम सिलेंडर की कीमत 913 रुपये है।

भाषा जोहेब मनीषा

मनीषा