नागेंद्र के मुद्दे पर राजनीति कर रही भाजपा : शिवकुमार

Ads

नागेंद्र के मुद्दे पर राजनीति कर रही भाजपा : शिवकुमार

  •  
  • Publish Date - August 29, 2026 / 06:54 PM IST,
    Updated On - August 29, 2026 / 06:54 PM IST

मैसूरु (कर्नाटक), 29 अगस्त (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा मंत्री पद से बी. नागेंद्र के इस्तीफे का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए कर रही है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष को राज्य के किसानों और लोगों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय अपनी प्रस्तावित पदयात्रा की ज्यादा चिंता है।

उनका इशारा नागेंद्र के मुद्दे पर एक से 10 सितंबर तक निकाली जाने वाली भाजपा-जद(एस) की पदयात्रा की ओर था।

शिवकुमार ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘भाजपा जो कर रही है वह राजनीति है। उनके लिए लोगों की जिंदगी नहीं, बल्कि राजनीति ज्यादा महत्वपूर्ण है। राज्य का कल्याण उनके लिए महत्वपूर्ण नहीं है।’

भाजपा ने शुक्रवार को नागेंद्र के इस्तीफा देने के बाद भी रायचूर से बेल्लारी तक प्रस्तावित पदयात्रा जारी रखने का फैसला किया है, जिसपर मुख्यमंत्री प्रतिक्रिया दे रहे थे।

भाजपा ने कहा है कि नागेंद्र का इस्तीफा कर्नाटक महर्षि वाल्मीकि अनुसूचित जनजाति विकास निगम में 89 करोड़ रुपये के कथित घोटाले को लेकर उसके आंदोलन का परिणाम है।

पार्टी ने कहा है कि वह जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर अपना अभियान जारी रखेगी।

शिवकुमार ने भाजपा पर सिंचाई और कावेरी जल विवाद, सूखा और तुंगभद्रा की स्थिति समेत विभिन्न जरूरी मुद्दों पर चर्चा से बचने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “वे सिंचाई पर चर्चा नहीं करना चाहते। वे यह चर्चा नहीं करना चाहते कि कावेरी मुद्दा क्या है, सूखे की स्थिति क्या है या तुंगभद्रा के मामले को सफलतापूर्वक कैसे संभाला गया।”

शिवकुमार ने कहा कि उन्होंने विपक्ष को नोटिस देकर चर्चा के लिए आने का न्योता दिया था, लेकिन वह राजनीतिक विरोध प्रदर्शन कर रहा है।

नागेंद्र के इस्तीफे पर शिवकुमार ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस को शर्मिंदगी से बचाने के लिए खुद पद छोड़ा है।

उन्होंने कहा, “वह खुद आए और कहा, ‘मैं पार्टी के लिए बलिदान दूंगा’ और इस्तीफा दे दिया। मैं आज इसे राज्यपाल को भेज रहा हूं।”

नागेंद्र को तीन अगस्त को फिर से मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। उन्हें योजना और सांख्यिकी विभाग आवंटित किया गया था।

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप