जयपुर, 19 फरवरी (भाषा) राजस्थान के राजसमंद जिले में हफ़्ते भर से लापता महिला का शव बृहस्पतिवार को एक तालाब में मिला। पुलिस ने बताया कि उसके नाबालिग बेटे का शव भी जंगली इलाके से बरामद हुआ है।
पुलिस ने बताया कि इन दोनों की हत्या कथित तौर पर गोविंद सिंह ने की। पीड़िता प्रियंका (22) इसी आरोपी के साथ 11 फरवरी की रात कहीं चली गई थी।
भीम के थानाधिकारी ने बताया कि प्रियंका 11 फरवरी की रात को लापता हो गई थी और अगले दिन यानी 12 फरवरी को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। वह अपने डेढ़ साल के बेटे आर्यन के साथ-साथ घर से कुछ कीमती सामान लेकर गई थी।
पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड खंगाला तो पता चला कि वह गोविंद सिंह के साथ नियमित संपर्क में थी। संदेह होने पर गोविंद सिंह को बुधवार रात हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान उसने प्रियंका और उसके बेटे की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
उसने दावा किया कि उसने महिला की लाश तालाब में और लड़के की लाश जंगल वाले इलाके में फेंक दी।
थानाधिकारी ने कहा, ‘इसके बाद आज दोनों जगहों पर टीमें भेजी गईं और तलाशी अभियान चलाया गया। महिला का शव तालाब से जबकि उसके लड़के का शव वहां से काफी दूर एक जंगली इलाके से मिला।’
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच से पता चलता है कि प्रियंका और गोविंद के बीच नाजायज रिश्ता था। हत्या के वास्तविक कारणों की पड़ताल के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
भाषा पृथ्वी मनीषा रंजन
रंजन