हैदराबाद, 19 फरवरी (भाषा) हैदराबाद में दो नाबालिग समेत तीन लोगों ने चाकू दिखा कर 16 वर्षीय एक लड़की का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
चेंगिचेरला इलाके में स्थित एक घर में 16 फरवरी की रात यह घटना घटी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से एक को 18 फरवरी को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके खिलाफ पहले से ही डकैती और चोरी समेत आठ मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इसके साथ ही लड़की को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाने वाले नाबालिग लड़के को भी हिरासत में लिया गया।
उन्होंने बताया कि अपराध में शामिल एक अन्य नाबालिग लड़का अब भी फरार है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने 17 फरवरी को नरसिंगी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी बेटी 16 फरवरी को स्कूल के लिए निकली थी और घर नहीं लौटी। शिकायत के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, जांच के दौरान 18 फरवरी को चेंगिचेरला में लड़की का पता चला और उसे मुक्त करा लिया गया।
पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला कि सात फरवरी को नाबालिग लड़की खरीदारी के लिए चारमीनार इलाके में गई थी और वहां उसकी मुलाकात 16 वर्षीय एक लड़के से हुई। बाद में दोनों फोन पर संपर्क में रहे।
वह 16 फरवरी को फिर से उस लड़के से मिली और उसी रात नाबालिग लड़का तथा उसके दो दोस्त (जिनमें से एक नाबालिग था) उसे एक ऑटो-रिक्शा में बिठाकर चेंगिचेरला के एक घर में ले गए।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने उसे चाकू दिखाकर धमकाया, जबरदस्ती शराब पिलाई, और फिर तीनों ने उसका ‘‘यौन उत्पीड़न’’ किया।
भाषा यासिर मनीषा
मनीषा